Top News
Next Story
Newszop

Udaipur खेत में काम कर रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, मौत

Send Push

उदयपुर न्यूज़ डेस्क, उदयपुर में लेपर्ड ने एक और जान ले ली। लेपर्ड ने बुधवार दोपहर 3 बजे उदयपुर शहर से महज 5 किलोमीटर दूर बड़गांव के मदार में खेत में काम कर रहीं दो महिलाओं पर हमला कर दिया। दोनों महिलाएं घायल हो गईं। उन्हें नाव से अस्पताल लेकर गए। इनमें से एक महिला की शाम 7:30 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। लेपर्ड ने महिला के गले पर अटैक किया था। उदयपुर में लेपर्ड की दहशत बनी हुई है। यहां लेपर्ड 38 दिन में 10 लोगों की जान ले चुका है। हाथीपोल थानाधिकारी आदर्श कुमार ने बताया- बड़गांव के मदार गांव में लेपर्ड के हमले में घायल महिला मांगीबाई की उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई।


गर्दन और हाथ पर गंभीर घाव हो गए थे

मदार में खेत में काम कर रहीं केशीबाई और मांगीबाई पर लेपर्ड ने हमला किया था। केशीबाई के बेटे गणेशराम ने लाठी से लेपर्ड को भगाया। हालांकि लेपर्ड ने दोनों महिलाओं को घायल कर दिया था।गणेशराम ने बताया- दोपहर को मां केशीबाई और उनकी सहेली मांगीबाई खेत में सोयाबीन की फसल काट रही थीं। दोनों आपस में 25 फीट की दूरी पर थीं। इसी दौरान अचानक लेपर्ड ने हमला कर दिया। लेपर्ड ने पहले मांगीबाई की गर्दन पर हमला किया। इस दौरान मेरी मां चिल्लाई तो मैं तुरंत लाठी उठाकर दौड़ा। लेपर्ड ने मेरी मां के हाथ पर भी झपट्टा मारा था। लेपर्ड ने मांगीबाई की गर्दन पर अटैक किया। मैंने लाठी से लेपर्ड को मारने की कोशिश की, लेकिन शोर सुनकर वह भाग निकला। लेपर्ड 30 फीट दूर खड़ा हो गया और हमारी ओर देखने लगा।मैं असमंजस में था, लेपर्ड को भगाऊं या इन दोनों को बचाऊं। फिर मैं घायल मां और मांगी बाई को उदयपुर के MB अस्पताल लेकर पहुंचा। उनकी गर्दन और हाथ में गंभीर घाव हो गए।

रात को बछड़े को मार डाला

इस घटना से करीब 14 घंटे पहले लेपर्ड ने बड़गांव के पालड़ी इलाके में गाय के बछड़े का शिकार किया था। मंगलवार रात 1:30 बजे एक राहगीर ने इसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो में लेपर्ड बछड़े को गर्दन से दबोच कर 4 फीट ऊंची दीवार पर चढ़ता नजर आ रहा है।

खून के निशान तो मिले, बछड़े का शव नहीं मिल पाया

बड़गांव सरपंच संजय शर्मा ने बताया- मेरे पास आज सुबह एक वीडियो आया था। मालूम किया तो वीडियो बड़गांव के पालड़ी अंगोरा बस्ती का है। देर रात यहां से गुजर रहे किसी राहगीर ने यह वीडियो बनाया है।सरपंच ने बताया- इसके बाद गांव में जाकर मालूम किया तो बछड़े के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने आशंका जताई कि लेपर्ड कहीं ओर से आवारा मवेशी का शिकार कर यहां लाया है। मौके पर वन विभाग की टीम को भी सूचना दी थी। उन्होंने आकर तलाश की। मौके पर खून के निशान तो मिले, लेकिन आसपास बछड़े का शव नहीं मिला। हमने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। पूरे गांव के लोग डरे हुए हैं। बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।वीडियो में लेपर्ड 4 फीट की दीवार पर बछड़े को लेकर चढ़ता नजर आ रहा है। लेपर्ड ने बछड़े को मुंह में दबोचा हुआ था। इसके बाद लेपर्ड दीवार पर चढ़कर बैठता है तो कभी दीवार पर टहलता है। राहगीर के रिकॉर्ड किए वीडियो में लेपर्ड उसकी कार की हेडलाइट की ओर घूरता हुआ नजर आ रहा है।

वन विभाग ने दी पटाखे फोड़ने की सलाह

सहायक वन संरक्षक प्रवेंद्र सिंह राजावत ने बताया- हमें सरपंच ने वीडियो भेजकर लेपर्ड के गांव में आने की जानकारी दी थी। यहां पिंजरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है। ग्रामीणों को रात के समय पटाखे फोड़ने की सलाह दी है। साथ ही रात में अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के आसपास जंगल का एरिया है। यहां लेपर्ड का मूवमेंट अक्सर रहता है।

सीसीटीवी फुटेज में भी नजर नहीं आया लेपर्ड

वन विभाग की टीम 23 दिन से लेपर्ड की तलाश कर रही है। फिलहाल राठौड़ों का गुड़ा और केलवों का खेड़ा गांवों के बीच कुछ पगमार्क दिखाई दिए हैं, लेकिन गश्त के दौरान टीम को दिखाई नहीं दे रहा है। जहां पगमार्क मिले, वहां भी गश्ती दल तैनात है। सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। डीएफओ मुकेश सैनी का कहना है कि हमारी टीमें लगातार निगरानी कर रही है, लेकिन अभी लेपर्ड नहीं दिखा।

2 दिन पहले 7 किमी दूर नजर आया था लेपर्ड

2 दिन पहले यानी 14 अक्टूबर को उदयपुर के आबादी इलाके से 7 किमी दूर बड़ी गांव में एक बाड़े में घुस कर लेपर्ड ने बछड़े को मार डाला था। महिला ने उसे शिकार करते हुए देख शोर मचाया तो लेपर्ड भाग निकला था। अब संभावना जताई जा रही है बड़ी गांव और बड़गांव में मवेशियों पर हमला करने वाला लेपर्ड एक ही है। (पढ़ें पूरी खबर)

Loving Newspoint? Download the app now