आजकल महंगाई के समय में पैसे की अहमियत बहुत बढ़ गई है। इसके बिना जीवन में कई समस्याएं आ सकती हैं। हर व्यक्ति की पैसे को लेकर अपनी अलग सोच और आदतें होती हैं। कुछ लोग कम आय में भी अच्छी बचत कर लेते हैं।
वे अपनी बचत से अच्छे घर और गाड़ी जैसी चीजें खरीद लेते हैं।
वहीं, कुछ लोग अधिक कमाई के बावजूद बचत नहीं कर पाते। उनकी खराब आदतें उन्हें पैसे खर्च करने पर मजबूर कर देती हैं। आज हम आपको उन पांच आदतों के बारे में बताएंगे जो किसी भी व्यक्ति के बैंक बैलेंस को खाली कर सकती हैं।
आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया
कुछ व्यक्तियों का अपने खर्चों पर कोई नियंत्रण नहीं होता। वे अपनी कमाई से ज्यादा खर्च कर देते हैं। जैसे, अगर ₹40 के छोले-चावल से पेट भर जाता है, तो वे ₹400 का पिज्जा खाना पसंद करते हैं। यदि उनकी सैलरी ₹20,000 है, तो वे महीने में ₹25,000 से ₹30,000 खर्च कर देते हैं।
ऐसे लोग कभी भी बचत नहीं कर पाते और बुरे समय में उनके पास पैसे नहीं होते। इसलिए यह कहा जाता है कि जितनी चादर हो उतने ही पैर पसारने चाहिए। अगर आप आज पैसे बचाएंगे, तो वह बुरे समय में आपके परिवार के काम आएगा।
अनाप-शनाप शॉपिंग
कुछ लोगों को शॉपिंग का बहुत शौक होता है। वे बिना जरूरत के भी शौकिया शॉपिंग करना पसंद करते हैं। वे सस्ती चीजों की बजाय महंगी ब्रांडेड चीजें खरीदना पसंद करते हैं। यह आदतें आपके पैसे की दुश्मन होती हैं।
जो लोग शॉपिंग में अधिक खर्च करते हैं, उनकी महीने की बचत नहीं हो पाती। इसलिए सोच-समझकर ही चीजें खरीदनी चाहिए। यदि कोई चीज किफायती कीमत पर मिल रही हो, तो महंगी ब्रांडेड चीजों की ओर नहीं जाना चाहिए।
शो ऑफ
कुछ व्यक्तियों को समाज में दिखावा करने का शौक होता है। सोशल मीडिया के इस युग में, हर कोई अपनी लाइफस्टाइल को दोस्तों के साथ साझा करता है। उन्हें लगता है कि महंगी चीजें खरीदकर और अपनी अच्छी लाइफस्टाइल दिखाकर वे समाज में अपनी स्थिति बढ़ा सकते हैं।
लेकिन जिन लोगों में दिखावे की आदत होती है, उनके पास हमेशा पैसे की कमी रहती है। दूसरों को देखकर कॉपी करना भी एक बुरी आदत है। जैसे, यदि पड़ोसी ने नई कार खरीदी है, तो यह जरूरी नहीं कि हमें भी वही कार खरीदनी चाहिए।
हर रोज पार्टी करना
कुछ लोगों को पार्टी करने का बहुत शौक होता है। वे अपने दोस्तों के साथ बार-बार पार्टी करते हैं और महंगे होटलों में जाते हैं। पार्टी की यह आदत आपके पैसे को तेजी से खर्च कर देती है। महीने में एक बार पार्टी करना ठीक है, लेकिन बार-बार पार्टी करने वाले लोग अपनी बचत नहीं कर पाते।
आपको अपनी पार्टी भी अपनी हैसियत के अनुसार करनी चाहिए।
जुआ और नशा
जुआ खेलने की आदत पैसे की सबसे बड़ी दुश्मन होती है। जिन लोगों को जुआ खेलने की लत लग जाती है, वे दूसरों से उधार लेकर भी पैसे खर्च करने से नहीं चूकते। इसके अलावा, रोज नशा करना भी बुरा होता है। जुआ और नशा दोनों मिलकर एक अच्छे परिवार को बर्बाद कर सकते हैं। इसलिए इनसे जितना दूर रहना बेहतर है।