Top News
Next Story
Newszop

ब्रिटेन के विदेश मंत्री लैमी ने चीन से रूस की सेना का समर्थन न करने का आग्रह किया

Send Push

ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने चीन द्वारा यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस को दिए जा रहे समर्थन पर शुक्रवार को चिंता जताई और अपने चीनी समकक्ष से आग्रह किया कि वह अपने देश की कंपनियों को रूसी सेना को उपकरणों की आपूर्ति करने से रोकें।

ब्रिटेन के विदेश मंत्री डैविड लैमी ने बीजिंग में चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ शुक्रवार को बैठक की थी। डेविड लैमी ब्रिटेन में जुलाई में ‘लेबर पार्टी’ के सत्ता में आने के बाद चीन की यात्रा करने वाले पहले कैबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने चीन के उप प्रधानमंत्री डिंग श्वेशियांग से शुक्रवार को मुलाकात की तथा उसी दिन बाद में विदेश मंत्री वांग यी से भी बातचीत की।

ब्रिटेन के विदेश मंत्री बीजिंग के साथ संबंधों को सुधारने के प्रयासों के तहत चीन की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। दरअसल, जासूसी के आरोपों, यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस का समर्थन करने और हांगकांग में आम नागरिकों की स्वतंत्रता का दमन के मुद्दे पर दोनों देशों के संबंधों में खटास पैदा हो गई है।

अधिकारियों ने बताया कि ब्रिटेन की सरकार ने इस बात पर जोर दिया कि चीन के साथ संबंध ‘‘व्यावहारिक और आवश्यक’’ हैं। उन्होंने बताया कि लैमी ने हांगकांग ‍एवं चीन के सुदूर-पश्चिमी शिनजियांग प्रांत में मानवाधिकार संबंधी चिंताओं और रूस सहित जटिल मुद्दों को उठाया।

विदेश मंत्रालय द्वारा बैठक के बाद जारी बयान के अनुसार, ‘‘लैमी ने कहा कि ब्रिटेन और चीन का यूरोपीय शांति और युद्ध की समाप्ति में साझा हित है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में मदद करने के लिए चीन द्वारा रूस को दिए जा रहे उपकरणों की आपूर्ति के कारण यूरोपीय देशों से चीन के संबंधों पर असर पड़ सकता है।’’

बयान में कहा गया कि लैमी ने वांग से ‘‘चीनी कंपनियों को रूसी सेना को आपूर्ति करने से रोकने और जांच के लिए सभी कदम उठाने’’ का आग्रह किया। इसमें बताया गया कि दोनों देशों के विदेश मंत्री रूस के मुद्दे तथा पश्चिम एशिया में हो रहे संघर्ष जैसे अन्य भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा जारी रखने पर सहमत हुए।

यह भी पढ़े :-

Loving Newspoint? Download the app now