Next Story
Newszop

Bihar Weather: पटना में खतरे के निशान पर गंगा नदी, क्या बिहार में आज होगी बारिश? जानें मौसम का हाल

Send Push
पटना: बिहार में मानसून की बारिश से नदियां उफान पर हैं। खासकर सोन नदी में पानी का स्तर बहुत बढ़ गया है। शुक्रवार को नदी में अचानक 5.39 लाख क्यूसेक पानी आ गया। यह पिछले आठ सालों में सबसे ज्यादा है। इससे पटना के मनेर में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने बिहारवासियों को राहत की खबर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आज बिहार में कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है।





पूरे बिहार में आज बारिश की संभावना नहीं

पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि 19 जुलाई को राज्य में न ही कोई भारी बारिश, न वज्रपात और न ही तेज हवाओं की संभावना है। पूरे राज्य का नक्शा 'नो वॉर्निंग (हरे रंग)' के साथ दर्शाया गया है, जिससे साफ है कि अगले 48 घंटे तक मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि बारिश न होने के कारण राज्य में गर्मी और उमस बनी हुई है।



image

मधुबनी का तापमान रहा सबसे ज्यादा

मौसम विभाग के मुताबकि, बीते 24 घंटे में मधुबनी में सबसे अधिक तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि बेगूसराय (36.7°C), दरभंगा (36.6°C), सुपौल (36.8°C) जैसे जिलों में भी तापमान अधिक रहा। वहीं राजधानी पटना में तापमान 35.6°C रहा, जो औसत से थोड़ा अधिक है। तापमान में सबसे अधिक वृद्धि ज़िरादेई (4.7°C ↑) और दरभंगा (1.6°C ↑) में दर्ज की गई। कुछ जिलों जैसे गया और सासाराम में तापमान में हल्की गिरावट देखी गई।



नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी को लेकर हाई अलर्ट जारी

इधर नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी को लेकर जल संसाधन विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य की सभी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा नदी पटना में खतरे के निशान को पार कर गई है। अन्य जगहों पर भी इसका जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पटना में नदी का जलस्तर हर घंटे दो सेंटीमीटर बढ़ रहा है। कोसी, गंडक, बागमती, बूढ़ी गंडक, महानंदा और घाघरा नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। इनमें से कोसी, गंडक, सोन और बागमती नदी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही हैं।



निचले इलाकों में घुसा नदी का पानी

गंगा का जलस्तर बढ़ने से दियारा क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी फैल रहा है। नदी का पानी दियारा क्षेत्र के नवदियरी और मानस गांवों के बाहर निचले इलाकों में फैल गया है। जलस्तर बढ़ने से दियारा में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ रही है। धनरुआ के 12 और फतुहा के दो गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

Loving Newspoint? Download the app now