Regional
Next Story
Newszop

फिल्मकार राजकुमार हिरानी राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत

Send Push



image



खंडवा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। महान गायक और हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की 37वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार देर शाम खंडवा के पुलिस ग्राउण्ड में मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पटकथा लेखक और निर्माता-निर्देशक राजकुमार हिरानी को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किया गया।

फिल्मकार राजकुमार हिरानी अपनी धर्मपत्नी मनजीत के साथ खंडवा पहुंचे थे। समारोह में शामिल होने से पहले उन्होंने किशोर दा के समाधिस्थल के दर्शन किए, जहां उन्होंने किशोर दा को दूध-जलेबी का भोग लगाया। अलंकरण समारोह में प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने राजकुमार हिरानी को वर्ष 2023 के राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से सम्मानित किया। उन्हें सम्मान स्वरूप एक ताम्रपत्र, श्रीफल और पांच लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।

सम्मान प्राप्त करने के बाद राजकुमार हिरानी ने एक वाकया सुनाते हुए कहा कि आज ही के दिन किशोर दा के निधन पर वे उनके जू (मुंबई) स्थित बंगले के बाहर खड़े थे। तब वे अपने शहर नागपुर से मुंबई पहुंचे ही थे। उनकी कोई पहचान नहीं थी और वे एक फैन के नाते किशोर दा के बंगले पर पहुंचे थे। वहां मौजूद सिक्योरिटी ने भीतर तक नहीं जाने दिया, लेकिन उनके गीतों में सुन रखा था कि खंडवा जाएंगे और वहीं बस जाएंगे। दूध-जलेबी खाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज का दिन है कि उनके मुंबई वाले घर न जा पाने वाला शख्स आज उनकी जन्मस्थली खंडवा में उन्हीं के कार्यक्रम में सम्मान पा रहा है। कलाकार, एक्टर और निर्देशक कई आते हैं और इस दुनिया से चले जाते हैं। लेकिन गाने हमेशा जीवंत रहते हैं। मैं यह विश्वास के साथ कहता हूं कि किशोर दा के गाने अगले 100 साल तक भी गाए जाएंगे।

अलंकरण समारोह के बाद संगीत संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध पार्श्व गायक नीरज श्रीधर ने गीतों की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में संगीतप्रेमी मौजूद रहे।

किशोर दा की पुण्यतिथि पर समाधिस्थल पहुंचे प्रेमी, दूध-जलेबी का भोग लगाया

हरफनमौला कलाकार किशोर दा की जन्मस्थली रही खंडवा में ही उनका समाधिस्थल है। रविवार को उनकी पुण्यतिथि पर किशोर प्रेमी समाधिस्थल पहुंचे और माल्यार्पण कर दूध-जलेबी का भोग लगाया। नगर निगम एवं किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के द्वारा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधि स्थल पर सुरमई श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ। इस दौरान खंडवा के साथ देशभर से आए किशोर प्रेमियों ने किशोर दा की समाधि पर दूध-जलेबी का भोग लगाया। उन्हें गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

You may also like

Loving Newspoint? Download the app now