-एक पेड़ मां के नाम थीम के साथ किया गया मेगा प्लांटेशन ड्राइव का आयोजन
पलवल, 10 अगस्त (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल, कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पृथ्वी हमारी माता है और इसका संरक्षण करना हम सबका परम धर्म है। धरती मां का संरक्षण करने के कई तरीके हैं, जैसे अधिक से अधिक पेड़ लगाना, कचरा कम करना, पानी का संरक्षण करना और नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग करना। हम पर्यावरण प्रदूषण को कम करें और एक स्थाई जीवन शैली अपनाकर भी धरती मां का संरक्षण किया जा सकता है। हर व्यक्ति को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भागीदार बनते हुए अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसका संरक्षण भी सुनिश्चित करना चाहिए। हम सब मिलकर धरती को हरा-भरा, स्वच्छ और समृद्ध बनाने का संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण दे सकें।खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम रविवार को जिला स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर केएमपी व राष्ट्रीय राजमार्ग आगरा-पलवल क्रॉसिंग पर एक पेड़ मां के नाम थीम के साथ आयोजित मेगा प्लांटेशन ड्राइव में जनभागीदारी व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर अभियान का आगाज करने उपरांत आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ राष्ट्रव्यापी अभियान के माध्यम से आमजन से अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया है। हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्ण रूप से गंभीर है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पृथ्वी हम इंसानो के साथ-साथ जीव-जंतु, पेड़-पौधों का भी घर है। पृथ्वी को हरा-भरा और खुशहाल बनाए रखना हर पीढ़ी की जिम्मेदारी है। आज के लोगों और आने वाली पीढ़ी में पृथ्वी के प्रति महत्व और जागरूकता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश भर में महा पौधरोपण अभियान चलाकर अधिक से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि पलवल जिला का प्रत्येक नागरिक ‘एक पेड़ मां के नाम’ से अवश्य जुड़े और पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनें। उन्होंने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग अपनी मां के नाम से एक पेड़ अवश्य लगाएं और उनका संरक्षण करते हुए पर्यावरण संरक्षण में आहुति डालें। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि अगले एक साल में लाइनपार क्षेत्र के लोगों को पक्की गलियां मिलेगी, जिससे लोगों की दिशा और दशा में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पलवल क्षेत्र देश के मानचित्र पर अलग ही दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि पलवल के प्रत्येक चौराहे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पलवल क्षेत्र का चप्पा-चप्पा सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम का सौंदर्यीकरण और सुंदरीकरण किया जाएगा।उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि हम सब प्रकृति के ऋणी हैं। जिस हवा में हम सांस लेते हैं, जिस पानी को हम पीते हैं, जिस भोजन को हम खाते हैं। हमारा मिशन पेड़ लगाकर और भविष्य की पीढ़ियाें के लिए एक स्थायी पर्यावरण को बढ़ावा देकर पर्यावरण संतुलन को बहाल करना है। उन्होंने कहा कि हर मनुष्य के ऊपर प्रकृति का कर्ज है, इसे केवल पेड़ लगाकर ही चुकाया जा सकता है। क्योंकि जिस दिन मनुष्य ये दुनिया छोड़कर जाएगा। अपने साथ एक पेड़ भी लेकर जाएगा। एक व्यक्ति 10 पौधे लगाकर और उनका अच्छी तरह संरक्षण करके प्रकृति के ऋण से मुक्त हो सकता है। इसलिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। पेड़ों से धरा हरी भरी रहेगी और पर्यावरण साफ रहेगा। साथ ही हम प्रकृति के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी भी निभा सकेंगे।वन विभाग की ओर से आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में जिला उप वन संरक्षक नरेश कुमार रंगा ने मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत-अभिवादन किया तथा स्मृति चिह्न स्वरूप पौधे भेट कर धन्यवाद-आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, विनोद शर्मा, महिपाल दलाल, जिला उपवन संरक्षण जेपी पाठक, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल, वन विभाग के रेंज अधिकारी अमरदीप, पार्षद बांके, अनुज, भक्ति, किरण शर्मा, राकेश चौहान, पंकज विरमानी, अमन शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि और वन विभाग के अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।—————
(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग